पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान, विदेश मंत्री ने किया सम्मानित

देहरादून।उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए पासपोर्ट सत्यापन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी प्रदर्शन के लिए भारत सरकार ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया है।
नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए. पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर दिया गया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जनपदों में सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सत्यापन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य सरकार और पुलिस विभाग द्वारा जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी। यह सम्मान न केवल पुलिस विभाग के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है।

