पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री दिवाकर भट्ट का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री दिवाकर भट्ट का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री दिवाकर भट्ट का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। श्री भट्ट लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।

दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक रहे हैं। वे अलग राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में अग्रिम पंक्ति में रहे और अपनी दृढ़ता, सरलता एवं जनसरोकार से जुड़े नेतृत्व के लिए व्यापक रूप से पहचाने जाते थे। उन्होंने प्रदेश की राजनीति में लम्बे समय तक सक्रिय रहते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास और जनहित के कई मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाया। सरल स्वभाव, साफ छवि और जनता के बीच लोकप्रियता के कारण वे हमेशा सम्मानित रहे।

श्री भट्ट के निधन पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्रीगण, विभिन्न दलों के नेताओं और राज्य आंदोलनकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने कहा कि दिवाकर भट्ट का जाना उत्तराखंड की राजनीतिक और सामाजिक धारा के लिए बड़ी क्षति है। राज्य हित में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर रखा जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न होगी।

देवभूमि खबर

Related articles