HTML tutorial
HTML tutorial

दुबई में नौकरी के नाम पर ठगी का पर्दाफाश, 61 पासपोर्ट और अवैध पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुबई में नौकरी के नाम पर ठगी का पर्दाफाश, 61 पासपोर्ट और अवैध पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट दिलाने के नाम पर युवाओं से धोखाधड़ी करने के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आवास विकास स्थित आरोपी के कार्यालय ‘जेड ग्लोबल’ से 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर का अवैध पिस्टल बरामद किया है। पुलिस अब बरामद पासपोर्ट और डायरी में दर्ज विवरणों के आधार पर अन्य संभावित पीड़ितों तथा विदेश भेजने के नाम पर चल रहे नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को वार्ड नंबर 21 रुद्रपुर निवासी मुजाहिद पुत्र भूरे खान ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि प्रीत विहार निवासी अलीम खान ने अपने आवास विकास स्थित कार्यालय ‘जेड ग्लोबल’ के माध्यम से उसे दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर विदेश भेजने का झांसा दिया था। आरोपी की बातों पर विश्वास कर पीड़ित ने अपनी मोटरसाइकिल और जेवर बेचकर कुल दो लाख रुपये दिए।

आरोप है कि अलीम खान ने उसे वर्क परमिट के बजाय विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया और वीजा को संपादित कर वर्क वीजा जैसा दिखाया। दुबई पहुंचने पर पीड़ित को वीजा की वास्तविक स्थिति का पता चला, जिसके चलते उसे वहां परेशानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा। किसी तरह भारत लौटने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में केवल 30 हजार रुपये लौटाए और शेष एक लाख 70 हजार रुपये देने से इनकार कर दिया। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।

तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 579/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने जांच और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक धीरज टम्टा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी अलीम खान पुत्र जमील अहमद, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 25, प्रीत विहार, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर का अवैध पिस्टल बरामद किया है। इसके अतिरिक्त आरोपी की होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या UK06BG3430 को भी संबंधित धाराओं में सीज किया गया है।

पुलिस ने बरामदगी एवं विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा इमिग्रेशन एक्ट की धारा 10/24 की बढ़ोतरी की है। बरामद पासपोर्टों और डायरी में दर्ज विवरणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने विदेश में नौकरी और वर्क परमिट दिलाने के नाम पर कितने अन्य लोगों से संपर्क किया तथा कहीं अन्य युवक भी इस तरह की धोखाधड़ी के शिकार तो नहीं हुए हैं।

बरामदगी: 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर का अवैध पिस्टल। होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या UK06BG3430 सीज।

 

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, उपनिरीक्षक नरेश पंत, हेड कांस्टेबल राजकुमार एवं कांस्टेबल महेंद्र कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles