पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ देने की मांग, मुख्यमंत्री से मिला मोर्चा

देहरादून। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
नेगी ने कहा कि उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ अनुमन्य किया जा चुका है, जबकि यूजेवीएनएल में कार्यरत पूर्व सैनिक अभी इस लाभ से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारियों से संबंधित जनहित याचिका संख्या 116/2018, कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य एवं अन्य में उच्च न्यायालय द्वारा उपनल के माध्यम से कार्यरत एवं प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य लाभ दिए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके क्रम में शासन द्वारा 3 फरवरी 2026 को सभी विभागों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए गए थे।
नेगी के अनुसार, शासन के उक्त निर्देशों के अनुपालन में लगभग सभी विभागों एवं निगमों द्वारा पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिया जा चुका है, लेकिन यूजेवीएनएल द्वारा अभी तक इन निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से यूजेवीएनएल में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी शासनादेश एवं न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग की। मोर्चा ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद पूर्व सैनिकों को जल्द न्याय मिल सकेगा।


