अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास घेराव, आम आदमी पार्टी की संयुक्त विरोध रैली में सक्रिय भागीदारी

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास घेराव, आम आदमी पार्टी की संयुक्त विरोध रैली में सक्रिय भागीदारी
Spread the love


देहरादून। 4 जनवरी 2026 को अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सभी राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास तक घेराव-विरोध आंदोलन आयोजित किया गया। इस संयुक्त विरोध रैली में आम आदमी पार्टी ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली का उद्देश्य अंकिता भंडारी के लिए निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करना तथा सरकार से पारदर्शिता, जवाबदेही और स्वतंत्र जांच की मांग करना रहा।

इस विरोध रैली का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के C. P. सिंह, सुधीर पंत, मुकुल बिड़ला, शैलेश तिवारी, गौरव उनियाल, शुभम कुमार, सुदेश कुमार, जितेंद्र पंत, उमा सिसोदिया, संजय छेत्री, हरिसिमरन सिंह और शरद जैन ने किया। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की मौजूदगी रही, जिन्होंने न्याय की मांग को बुलंद आवाज दी।
आंदोलन के दौरान नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी का परिवार, राज्य की महिलाएं और आम जनता न्याय की मांग को लेकर एकजुट और दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में सामने आई गंभीर चिंताओं, नए तथ्यों और लगातार हो रहे जन-आंदोलनों से यह स्पष्ट होता है कि इस मामले में सच्चाई तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।

नेताओं ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए तथा वीआईपी और अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में हर स्तर पर पारदर्शी, निष्पक्ष और सक्षम जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही राज्य में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा व सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
रैली में उपस्थित नेताओं ने कहा कि अंकिता के लिए न्याय केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की संवेदनशीलता, महिलाओं की सुरक्षा और संवैधानिक मूल्यों से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी अन्य संगठनों और नागरिक समाज के साथ मिलकर इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

आज के विरोध प्रदर्शन में देखने को मिली व्यापक भागीदारी यह दर्शाती है कि आम आदमी पार्टी और सहयोगी संगठन अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक शांत नहीं बैठेंगे। महिलाओं की सुरक्षा और जनता के न्यायोचित अधिकारों के लिए यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles