रुड़की–भगवानपुर में “अंकिता को न्याय दो” यात्रा, धामी सरकार पर हरीश रावत का तीखा हमला

रुड़की–भगवानपुर में “अंकिता को न्याय दो” यात्रा, धामी सरकार पर हरीश रावत का तीखा हमला
Spread the love

रुड़की/भगवानपुर।उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज रुड़की एवं भगवानपुर में “अंकिता को न्याय दो” यात्रा निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर न्याय की मांग को बुलंद किया।

रुड़की में आयोजित यात्रा में कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद जबकि भगवानपुर में कांग्रेस विधायक ममता राकेश के साथ जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोगों में सरकार के प्रति रोष स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

यात्रा को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने धामी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार उत्तराखंड की जनता की भावनाओं की अनदेखी कर रहे हैं और अंकिता भंडारी हत्याकांड को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में पहले ही एक गंभीर भूल कर चुकी है, लेकिन अब भी उनके पास अपनी गलती सुधारने का अंतिम अवसर है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि साक्ष्य किसने मिटाए, वीआईपी कौन था और किसके संरक्षण में यह सब हुआ—इन अहम सवालों से ध्यान भटकाने के बजाय मुख्यमंत्री को हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच की संस्तुति तुरंत करनी चाहिए।

हरीश रावत ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की अस्मिता का प्रश्न है। कांग्रेस इस लड़ाई को अंत तक ले जाएगी और सरकार को चाहिए कि वह बिना देर किए सीबीआई जांच की पहल कर अंकिता को पूर्ण न्याय दिलाए।

देवभूमि खबर

Related articles