सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जूस पिलाकर तुड़वाया अनशन

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों की समस्याओं को लेकर देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण मित्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई मजदूर संघ से जुड़े परिवारों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान के साथ हरियाली बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को प्रदेशभर में प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बैठक के दौरान मंत्री कैड़ा ने अनशन पर बैठे कर्मचारियों की मांगों पर सार्थक चर्चा की और जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। उन्होंने बताया कि संघ की कुछ मांगों पर कार्रवाई पूरी कर ली गई है, जबकि शेष मांगों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है कि प्रदेश के विभिन्न तीर्थ स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वर्षाकाल में सड़क मार्गों को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक में अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, संयुक्त निदेशक अवधेश कुमार सिंह, सहायक निदेशक एस.पी. जोशी, देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह, प्रदेश महामंत्री राजपाल पंवार, प्रदेश उपाध्यक्ष अमरदीप चौधरी, प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

