राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की कॉफी टेबल बुक और डैशबोर्ड का लोकार्पण
देहरादून।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजभवन में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) द्वारा तैयार की गई कॉफी टेबल बुक “श्री केदारनाथ जी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन पर एक और प्रयास” का विमोचन किया और साथ ही यूएसडीएमए के डिजिटल डैशबोर्ड का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना और भूकंप जैसी आपदाएं लगातार सामने आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई 2024 को श्री केदारनाथ क्षेत्र में आई आपदा एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन यूएसडीएमए और अन्य सरकारी विभागों ने समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी तरीके से संचालित किया।
राज्यपाल ने इस कॉफी टेबल बुक को एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताते हुए कहा कि इसमें उन सभी व्यक्तियों और संगठनों के योगदान को संजोया गया है, जिन्होंने अपनी निस्वार्थ सेवा से इस आपदा से निपटने में सहायता की। यूएसडीएमए के डैशबोर्ड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यह डिजिटल प्रणाली आपदा प्रबंधन को अधिक सटीक, त्वरित और पारदर्शी बनाएगी। इससे आपदा से संबंधित आंकड़ों के संग्रहण और विश्लेषण में मदद मिलेगी और त्वरित निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 31 जुलाई 2024 को केदारनाथ क्षेत्र में आई आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की व्यापक रणनीति अपनाई गई थी। सरकार, प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से 15,000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही, शीतकालीन यात्रा को भी सफल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक भरत चौधरी, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति विनय रोहिला, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, एडीजी ए.पी. अंशुमान, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग डॉ. सौरभ गहरवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

