P.W.D. में नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, हरिद्वार पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
हरिद्वार। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के फर्जी लेटर पैड और नकली सरकारी मोहर का इस्तेमाल कर लोक निर्माण विभाग (P.W.D.) में बैकडोर से नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले शातिर ठग को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हिमांशु कुमार ने अपने ही पूर्व मकान मालिक से ₹3,70,000 ठग लिए थे और उसे P.W.D. चंबा में अकाउंटेंट पद के फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी किए थे। पुलिस ने आरोपी को गुरुकुल कांगड़ी के पास से गिरफ्तार किया और उसके फ्लैट से फर्जी मोहर, नियुक्ति पत्र, कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद किए।
कृष्णानगर कनखल निवासी प्रतीक मदान ने 23 फरवरी 2025 को शिकायत दर्ज कराई कि हिमांशु कुमार नामक युवक, जो पहले उसके मकान में किरायेदार था और अब जर्स कंट्री में रह रहा है, ने सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे और उसके रिश्तेदारों से पैसे ऐंठे। जुलाई 2024 में हिमांशु ने दावा किया कि उसकी उत्तराखंड शासन और मुख्यमंत्री कार्यालय में ऊंची पहुंच है और वह बैकडोर से सरकारी नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए आरोपी ने उत्तराखंड मुख्यमंत्री के फर्जी लेटर पैड, P.W.D. चंबा और देहरादून की फर्जी मोहर और ईमेल आईडी (pwd.chambauk@gmail.com) से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए। जब पीड़ित ने असली P.W.D. कार्यालय में संपर्क किया तो उसे पता चला कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी है।
आरोपी ने खुद को बचाने और पीड़ित को गुमराह करने के लिए हाईकोर्ट नैनीताल की मोहर भी एडिट कर रखी थी, जिसे वह यह बताने के लिए इस्तेमाल करने वाला था कि हाईकोर्ट ने बैकडोर भर्ती पर रोक लगा दी है। इससे पीड़ितों को और समय तक गुमराह रखा जा सकता था।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को 24 फरवरी 2025 को गुरुकुल कांगड़ी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के फ्लैट की तलाशी में कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, दो फर्जी मोहरें और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस को आरोपी के बैंक खातों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी हिमांशु कुमार, पुत्र सुंदर लाल, ग्राम क्वाटोली, कपकोट, बागेश्वर (वर्तमान में जर्स कंट्री, ज्वालापुर) का रहने वाला है। वह वर्ष 2017 में पीएचडी करने और नौकरी की तलाश में हरिद्वार आया था। वर्ष 2017 से 2021 तक वह शिकायतकर्ता प्रतीक मदान के मकान में किरायेदार के रूप में रह चुका था, जिससे उसके परिवार से अच्छे संबंध बन गए। इसी दौरान उसने सरकारी नौकरी की तलाश में लगे प्रतीक मदान और उसके परिजनों को निशाना बनाकर बैकडोर भर्ती के नाम पर 3.70 लाख रुपये ऐंठ लिए।
आरोपी के खिलाफ थाना कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 56/25 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने कितने अन्य लोगों को इसी तरह ठगा है।

