एसएसपी के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने विधायक धमकी प्रकरण का किया खुलासा

एसएसपी के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने विधायक धमकी प्रकरण का किया खुलासा
Spread the love

हरिद्वार ।पुलिस ने एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। रानीपुर विधायक आदेश चौहान को धमकाने और पैसे ऐंठने के मामले में पुलिस ने दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। दिनांक 16 फरवरी 2025 को विधायक आदेश चौहान के जनसंपर्क अधिकारी रोमिश कुमार ने थाना बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 फरवरी को विधायक को फोन कर एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा बताकर पैसे की मांग की थी। इस पर थाना बहादराबाद में मु0अ0सं0 102/25 धारा 308(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल सीओ ज्वालापुर के निकट पर्यवेक्षण में विशेष टीमों का गठन किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री कार्यालय व गृह मंत्रालय से जुड़े इस मामले पर एसएसपी खुद नजर बनाए रहे और एसपी सिटी व अन्य अधिकारियों के साथ नियमित रूप से अपडेट लेते रहे। पुलिस टीम ने मोबाइल नंबरों के सीडीआर, आईएमईआई और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। गाजियाबाद और दिल्ली में लगातार दबिश के बाद 17 फरवरी की देर शाम पुलिस ने आरोपी प्रियांशु पंत को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रियांशु पंत ने अपने दो साथियों उवेश अहमद और गौरवनाथ के साथ मिलकर विधायक को धमकाने की साजिश रची थी। इन तीनों ने रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा और नैनीताल विधायक सरिता आर्य से भी इसी तरह पैसों की मांग की थी, जिसके संबंध में दोनों कोतवाली में पहले से मामले दर्ज हैं। आरोपी उवेश अहमद को रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसे जल्द ही “वारंट बी” पर हरिद्वार लाया जाएगा। तीसरा आरोपी गौरवनाथ वर्ष 2024 में खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का सचिव बताकर एक विधायक से पैसों की मांग करने के आरोप में नासिक से जेल भी जा चुका है।

विवेचना के दौरान अभियोग में धारा 3(5), 308(7), 319(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। चूंकि यह मामला प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय से जुड़ा है, इसलिए हरिद्वार पुलिस के साथ अन्य जांच एजेंसियां भी विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। हरिद्वार पुलिस की इस बड़ी सफलता पर स्थानीय जनता और प्रशासन ने एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व और पुलिस टीम की कार्यशैली की सराहना की है।

गिरफ्तार आरोपी प्रियांशु पंत (19 वर्ष) मूल रूप से सिमाल गांव, बेरीनाग, जनपद बागेश्वर, उत्तराखंड का रहने वाला है और वर्तमान में मयूर विहार, दिल्ली में रह रहा था। वह इग्नू (ओपन यूनिवर्सिटी) से स्नातक कर रहा है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एप्पल कंपनी का काला मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, इस प्रकरण में दो अन्य आरोपी उवेश अहमद और गौरवनाथ अब भी वांछित हैं।

देवभूमि खबर

Related articles