होली पर हाई अलर्ट: कैम्प 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा की तैयारियां पूरी, 18 बैकअप एम्बुलेंस तैनात

Spread the love

देहरादून।प्रदेश में होली के त्यौहार को देखते हुए कैम्प 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। देहरादून स्थित मुख्यालय में जीएम (प्रोजेक्ट्स) अनिल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में त्योहार के दौरान आपात स्थितियों से निपटने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्देश दिए गए कि होली के दौरान सभी एम्बुलेंस हाई अलर्ट पर रहेंगी और कर्मचारी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर तैनात एम्बुलेंस जाम में न फंसे, इसके लिए तकनीकी व्यवस्था सुदृढ़ की गई है, जिससे जाम की पूर्व सूचना देहरादून स्थित केंद्रीय कॉल सेंटर को मिल सके। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।

देहरादून शहर के सर्वेचौक, घंटाघर, जाखन, रायपुर, बल्लूपुर चौक, प्रेमनगर, विधानसभा और रेसकोर्स सहित प्रमुख चौराहों पर एम्बुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि सूचना मिलते ही तत्काल किसी भी दिशा में रवाना किया जा सके। मैदानी जिलों में एम्बुलेंस के साथ सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का भी प्रयास किया जा रहा है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
होली के मद्देनजर प्रदेश मुख्यालय सहित सभी जिलों में कार्यरत कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। पिछले वर्ष 13 से 15 मार्च के बीच सामान्य दिनों की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं की अधिक सूचनाएं मिलने के कारण इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

सेंट्रल कॉल सेंटर में कॉल की संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए अतिरिक्त तकनीकी स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। प्रदेश के सभी जिलों में मोबाइल टीमों का गठन किया गया है, जो सुबह 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल सहित अन्य जिलों में तैनात कर्मचारियों की मुस्तैदी का आकलन करेंगी।

इसके अतिरिक्त, प्रदेशभर में 18 बैकअप एम्बुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि किसी एम्बुलेंस के खराब होने की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके। ईंधन की किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए गए हैं।

बैठक के अंत में जीएम अनिल शर्मा ने प्रदेशवासियों को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं और त्योहार के दौरान सर्दी-जुकाम जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु सावधानी बरतने की सलाह भी दी।

Next Post

हुड़दंग से बचें, शांति और सुरक्षा के साथ मनाएं होली — उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई करेगी देहरादून पुलिस

Spread the love देहरादून।रंगों का पर्व होली उल्लास और भाईचारे का प्रतीक है। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पुलिस ने पूर्व वर्षों में पर्व के दौरान हुए विवादों का परीक्षण करते हुए ऐसे अराजक तत्वों को चिन्हित किया […]