हरिद्वार कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक, तीर्थनगरी के व्यापक विकास पर हुआ मंथन
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड औद्योगिक निवेश एवं विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना सहित आगामी 2027 कुंभ मेला के दृष्टिगत शहर के समग्र विकास पर मंथन हुआ।
बैठक में हरिद्वार के सुगम यातायात, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, तीर्थ यात्री सुविधाओं समेत कई विकास कार्यों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मनसा देवी, चंडी देवी, माया देवी, दक्ष मंदिर, हरकी पैड़ी जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले पैदल मार्ग सर्किट का प्लान 15 दिन में तैयार किया जाए। यह मार्ग बाधा रहित और सुरक्षा उपायों से युक्त होगा।
हरकी पैड़ी के आरती स्थल पर भीड़ नियंत्रण के लिए सुव्यवस्थित एंट्री-एग्जिट प्लान बनाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राजाजी पार्क प्रशासन को कार्यदायी संस्था बनाया जाएगा।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सैनिटेशन, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सुरक्षा उपायों को शीर्ष प्राथमिकता में रखकर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जहां आवश्यक हो वहां स्थानीय निकायों, गंगा सभा, ट्रस्ट व स्थानीय प्रतिनिधियों से समन्वय कर कार्य किए जाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरे हरिद्वार का संयुक्त दौरा कर प्लान को अंतिम रूप दें।
बैठक में प्रमुख सचिव एलएल फनाई, आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, विशेष सचिव अजय मिश्रा, कुंभ मेला अधिकारी सोनिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

