हिमाचल रोडवेज बस दुर्घटना: राहत–बचाव व उपचार के पुख्ता इंतजाम
देहरादून। नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोडवेज की एक बस के कालसी क्षेत्र में क्वानु के पास गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर त्वरित राहत, बचाव एवं उपचार के पुख्ता इंतजाम किए गए। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीमें डाकपत्थर, चकराता, मोरी एवं त्यूणी से तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में लगभग 30 से अधिक यात्री सवार थे। क्वानु के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरी इस बस दुर्घटना में चालक सहित 04 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि 11–12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को SDRF एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत रेस्क्यू कर विकासनगर अस्पताल भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि क्वानु–मीनस मोटर मार्ग, कालसी क्षेत्र (देहरादून) में हुई इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त चिकित्सक, एंबुलेंस और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी स्वयं पूरे रेस्क्यू एवं राहत अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन, पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं, ताकि सभी घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

