पिथौरागढ़ ।कलेक्ट्रेट परिसर में होली का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने अधिकारियों, कर्मचारियों तथा मीडिया के पत्रकार बंधुओं के साथ रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने सभी उपस्थितजनों के साथ आत्मीयता पूर्वक होली मिलन किया और जनपदवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व हमें भेदभाव भुलाकर प्रेम, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कलेक्ट्रेट परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। पारंपरिक होली गीतों और आपसी संवाद ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।
जिलाधिकारी ने जनपद की समस्त जनता को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और प्रशासन तथा आमजन के बीच संवाद और विश्वास को सुदृढ़ बनाते हैं।

