नैनीताल में मानवता हुई शर्मसार: सीवर मेनहोल में मिला भ्रूण, जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के स्टाफ हाउस वार्ड में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सीवर लाइन की सफाई के दौरान एक मानव भ्रूण बरामद हुआ। जल संस्थान द्वारा चलाए जा रहे सीवर सफाई अभियान के तहत मेनहोल खोलते ही सफाई कर्मचारियों को उसमें एक लगभग पांच माह का भ्रूण दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। तुरंत ही मल्लीताल पुलिस को सूचित किया गया। एसआई आशा बिष्ट ने बताया कि भ्रूण पुरुष प्रतीत हो रहा है, जिसे संभवतः रात या सुबह के समय किसी ने जानबूझकर मेनहोल में फेंका है।
सूचना पर स्टाफ हाउस के सभासद रमेश प्रसाद, स्नोव्यू वार्ड के सभासद जितेंद्र पांडे ‘जीनू’, नारायण सिंह कार्की, चंदन जोशी सहित कई लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
फिलहाल भ्रूण को मेडिकल परीक्षण के लिए बीडी पांडे अस्पताल से हल्द्वानी भेजा गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
यह दर्दनाक घटना समाज की गिरती संवेदनाओं पर सवाल खड़ा करती है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में कुछ महीने पहले भी इस प्रकार की एक घटना सामने आई थी।

