पत्नी से तलाक की तैयारी की जानकारी पर पति ने की हत्या, क्लेमेंटटाउन पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पत्नी से तलाक की तैयारी की जानकारी पर पति ने की हत्या, क्लेमेंटटाउन पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई महिला की हत्या का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद और पत्नी द्वारा तलाक लेने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने पत्नी की हत्या की योजना बनाई थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेंटटाउन को सूचना मिली थी कि धीरज नामक व्यक्ति की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हुई और गोली लगने से उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला बिस्तर पर मृत मिली। उसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे। मृतका की पहचान काजल पत्नी धीरज पवार, निवासी ईदगाह के सामने सुभाष नगर, राणा मार्ग, देहरादून, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद मृतका का पति मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।

मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटटाउन में मुकदमा अपराध संख्या 91/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत धीरज पवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना क्लेमेंटटाउन और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था और घटना के बाद उसने मोबाइल भी बंद कर दिया था। संयुक्त टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद 23 सितंबर को धीरज पंवार उर्फ लल्लू, निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व काजल से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाष नगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था। पिछले करीब एक वर्ष से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार पिछले तीन माह से पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी। करीब एक माह पहले उसे पत्नी द्वारा तलाक लेने की तैयारी की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या के लिए सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा। घटना से एक रात पहले वह सहारनपुर से देहरादून पहुंचा और घटनास्थल के पास निर्माणाधीन भवन में छिपकर घर की गतिविधियों पर नजर रखी। सुबह मौका देखकर उसने घर का टीन का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बिस्तर पर सो रही पत्नी पर दो गोलियां चला दीं। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष क्लेमेंटटाउन उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, चौकी प्रभारी आशारोड़ी उपनिरीक्षक विवेक भंडारी, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह, कांस्टेबल ईदु खान और चालक कांस्टेबल कृष्ण कुमार शामिल रहे। एसओजी देहरादून की टीम में उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, हेड कांस्टेबल किरण, कांस्टेबल आशीष राठी और कांस्टेबल मनोज सुंदरियाल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles