आगामी कांवड़ और कुंभ मेले को लेकर आईजी गढ़वाल ने औद्योगिक इकाइयों के साथ की अहम बैठक
देहरादून।आगामी कांवड़ एवं कुंभ मेले को लेकर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप की अध्यक्षता में सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और श्रमिक सत्यापन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
आईजी गढ़वाल ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन और औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि आमजन और मालवाहक वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
बैठक में औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशाखा गाइडलाइन के तहत सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से नाइट शिफ्ट में सुरक्षित परिवहन, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
आईजी ने संबंधित थाना पुलिस को निर्देशित किया कि समय-समय पर जागरूकता शिविर आयोजित कर महिला कर्मचारियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा हेल्पलाइन नंबर 112 और 1090 की जानकारी दी जाए, ताकि वे बिना भय के सुरक्षित माहौल में कार्य कर सकें।
सुरक्षा के दृष्टिगत सभी औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से और शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे संदिग्ध गतिविधियों और अवांछित तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
बैठक में पंकज गैरोला, जया बलूनी, अनुज कुमार सहित विभिन्न थाना प्रभारियों और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

