प्रतापनगर क्षेत्र में ओलावृष्टि से किसानों की फसलें तबाह, मुआवजे की मांग तेज

प्रतापनगर क्षेत्र में ओलावृष्टि से किसानों की फसलें तबाह, मुआवजे की मांग तेज
Spread the love

टिहरी । प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की पट्टी उपली रमोली में शुक्रवार दोपहर हुई भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक बदले मौसम और तेज ओलावृष्टि से क्षेत्र की कई ग्राम सभाओं में फसलों और बागवानी को भारी नुकसान पहुंचा है।

जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर करीब 3 बजे हुई तेज ओलावृष्टि से ग्राम बेजाभागी, किमखेत, रैका, सदड़, कुड़ियाल गांव, महर गांव, सोंदी, मुखेम, पोखरी, घंडियाल गांव, दिनगांव और हेरवाल गांव सहित पूरे उपली रमोली क्षेत्र में भारी तबाही हुई है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की मुख्य फसलें आलू, राजमा, सेव, खुमानी, अमरूद और चूलू पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। ग्रामीण लंबे समय से कठिन मेहनत कर फसलों के तैयार होने का इंतजार कर रहे थे, ताकि फसल बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर सकें, लेकिन अचानक आई प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों को गहरा झटका दिया है।
राकेश राणा ने कहा कि किसान इस समय बेहद दुखी और चिंतित हैं तथा आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं राहत प्रदान की जाए।

उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता कुशाल सिंह बिष्ट और विनोद सिंह बिष्ट द्वारा भी क्षेत्र में भारी नुकसान की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों की ओर से प्रशासन से मांग की गई है कि संबंधित ग्राम सभाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित काश्तकारों को राहत उपलब्ध कराई जाए।

देवभूमि खबर

Related articles