धामी कैबिनेट के अहम फैसले: MSP पर गेहूं खरीद, ‘वीर उद्यमी योजना 2026’ को मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने रबी विपणन सत्र 2026-27 में विकेंद्रीकरण के तहत मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत गेहूं खरीद पर भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,585 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ किसानों को देने के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया। साथ ही रबी और खरीफ सत्र में गेहूं एवं धान की खरीद पर केंद्र द्वारा अनुमन्य मंडी शुल्क केवल 2 प्रतिशत लेने का निर्णय लिया गया।
उद्योग विभाग की ‘उत्तराखण्ड वीर उद्यमी योजना 2026’ को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की सप्लीमेंटरी योजना के रूप में मंजूरी दी गई, जिससे युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
लोक निर्माण विभाग (PWD) की एडीबी समर्थित पुल सुधार परियोजना के तहत 1 करोड़ रुपये से अधिक की कंसलटेंसी टेंडर को भी स्वीकृति दी गई। वहीं राज्य में सेवारत न्यायिक अधिकारियों को वाहन खरीदने के लिए 10 लाख रुपये तक का सॉफ्ट लोन देने का निर्णय लिया गया।
वन विभाग में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पद के लिए न्यूनतम सेवा अवधि 25 वर्ष से घटाकर 22 वर्ष कर दी गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 31 मार्च 2025 तक संयंत्र स्थापित करने वाले लाभार्थियों को राज्य सरकार की सब्सिडी देने का निर्णय लिया गया।
कैबिनेट ने उत्तराखण्ड निजी विश्वविद्यालय अधिनियम 2023 के तहत एसआरएचयू, देहरादून से संबंधित विषयों के विनियमन के लिए परिनियम के प्रख्यापन को मंजूरी दी। साथ ही उत्तराखण्ड लोक एवं निजी सम्पत्ति वसूली अधिनियम 2025 के अंतर्गत नियमावली लागू करने की अनुमति भी प्रदान की गई।
उत्तराखण्ड होमगार्ड्स सेवा संशोधन नियमावली के प्रख्यापन, राज्य योजना आयोग के स्थान पर ‘सेतु आयोग’ के गठन तथा पुलिस में डिजिटाइजेशन और कंप्यूटर आधारित अन्वेषण के लिए NIELIT विशेषज्ञों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।
इसके अतिरिक्त वर्दीधारी सिपाही और उपनिरीक्षक सहित विभिन्न पदों की सीधी भर्ती के लिए आगामी तीन वर्षों तक पूर्व की नियमावली को यथावत रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही एडेड स्कूल बनने से पूर्व शिक्षकों की सेवा को प्रोन्नति में मान्यता देने के विषय में उप समिति गठित करने का भी अनुमोदन किया गया।

