रुद्रप्रयाग में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सौंराखाल व तुनेटा में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, सैकड़ों ग्रामीण लाभान्वित

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार आम जनमानस को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन के कुशल नेतृत्व में जनपद की 27 न्याय पंचायतों में चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 31 जनवरी 2026 को न्याय पंचायत सौंराखाल के राजकीय इंटर कॉलेज, सौंराखाल में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता विधायक रुद्रप्रयाग श्री भरत चौधरी ने की। विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जाए।
शिविर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य विभाग (आयुष्मान आरोग्य शिविर), राजस्व, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, पूर्ति विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
शिविर के माध्यम से 205 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, आधार सेवाएं, आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र, यूसीसी पंजीकरण, राशन कार्ड ई-केवाईसी, एलपीजी केवाईसी, स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं सहित अनेक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया।
शिविर के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा कुल 68 समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 45 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में सौंराखाल इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रयोगशाला की व्यवस्था, ग्राम कफना, डूंगरा एवं सेमलता क्षेत्र में मोटर पुल निर्माण, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, भवन मरम्मत, सोलर लाइट, विद्युत आपूर्ति, सड़क डामरीकरण, पेयजल, मुआवजा एवं गौशाला से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं।
इस अवसर पर विधायक भरत चौधरी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की मंशा दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि रौंठिया–जवाड़ी पेयजल लाइन फेस-2 का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा मई-जून तक पेयजल आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है। डूंगरा पुल निर्माण को लेकर पीएमजीएसवाई के अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण एवं सर्वे किए जाने की भी जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त जखोली विकासखंड की तुनेटा ग्राम पंचायत में भी “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जखोली श्री भगत सिंह फोनिया ने की। शिविर में प्राप्त 40 शिकायतों में से 22 का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
दोनों शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
