एसटीएफ का ट्रामाडोल तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 77 पेटियों की अवैध सप्लाई का खुलासा, एक और आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ/एएनटीएफ ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत ट्रामाडोल तस्करी गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़े ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की सप्लाई का प्रमुख रिसीवर और डिस्ट्रीब्यूटर था तथा अब तक करीब 77 पेटियां (लगभग 6,930 डिब्बे) SPASMORE (Tramadol) कैप्सूल की अवैध आपूर्ति कर चुका था।
एसटीएफ ने बताया कि 11 मई 2026 को थाना मंगलौर क्षेत्र में एसटीएफ/एएनटीएफ और मंगलौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। इस मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी सचिन मनिहाल से मिले साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर अंकित कुमार प्रजापति की संलिप्तता सामने आई।
जांच में पता चला कि अंकित कुमार प्रजापति जनवरी 2026 से मुख्य आरोपी से ट्रामाडोल कैप्सूल लेकर हरिद्वार क्षेत्र में अवैध रूप से सप्लाई करता था। बिक्री से प्राप्त रकम में अपना कमीशन काटकर शेष राशि नकद और बैंक खातों के माध्यम से मुख्य आरोपी तक पहुंचाई जाती थी।
एसटीएफ के अनुसार पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड डिलीट कर दिए थे, लेकिन बैंक लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका की पुष्टि हो गई। विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक जियो कीपैड मोबाइल फोन और एक वीवो V50e मोबाइल फोन बरामद कर सीज कर दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में पूरे सप्लाई नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों तथा अन्य सहयोगियों की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार प्रजापति, निवासी नियाजूपुरा माजरा, शहाबुद्दीनपुर, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी संतुष्टि विहार, प्रदीप बिहार कॉलोनी, रुड़की (हरिद्वार) के रूप में हुई
पुलिस टीम में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा, उपनिरीक्षक कमाल हसन, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल मनमोहन, हेड कांस्टेबल कैलाश नयाल, कांस्टेबल रवि पंत एवं कांस्टेबल दीपक नेगी शामिल रहे

