पुलिस अधीक्षक नगर की उपस्थिति में प्रेमनगर में तीन दिवसीय भंडारे का दून पुलिस ने किया विधिवत समापन, चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कांवड़ श्रद्धालुओं की सेवा हेतु दून पुलिस द्वारा भंडारों एवं सहायता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रेमनगर क्षेत्र में 20 जुलाई से 22 जुलाई तक तीन दिवसीय भंडारे का 24 घंटे संचालन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए भोजन, जलपान, स्नान तथा विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई।

भंडारे का समापन मंगलवार को पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून की उपस्थिति में पूजा-अर्चना के साथ विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद व भोजन वितरित किया और स्वयं भी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
इस तीन दिवसीय सेवा आयोजन में 4,000 से अधिक कांवड़ श्रद्धालुओं ने प्रसाद व भोजन ग्रहण किया। श्रद्धालुओं के स्नान हेतु विशेष व्यवस्था, जलपान की निरंतर सुविधा, और विश्रामगृह की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे यात्रा में आए भक्तजन अत्यंत प्रसन्न नजर आए।
श्रद्धालुओं ने दून पुलिस की सेवा भावना से प्रसन्न होकर आशीर्वाद दिया और “अगले वर्ष फिर मिलेंगे” कहते हुए भोलेनाथ के जयकारों के साथ अपनी यात्रा को आगे बढ़ाया।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर, थानाध्यक्ष प्रेमनगर, चौकी प्रभारी झाझरा एवं बिधौली सहित थाना प्रेमनगर के समस्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

