जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं में आएगा बड़ा सुधार

जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं में आएगा बड़ा सुधार
Spread the love

रुद्रप्रयाग।जनपद रुद्रप्रयाग में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक तक आम जनता की पहुँच सुनिश्चित करना राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। नई सीटी स्कैन मशीन से गंभीर रोगों के त्वरित व सटीक निदान में तेजी आएगी और अब मरीजों को जांच के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री भरत सिंह चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन की स्थापना से जनपद के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्राथमिक से लेकर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। आने वाले समय में जनपद में और भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री भारत भूषण भट्ट, निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण गढ़वाल मंडल पौड़ी डॉ. सी.पी. त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार, वरिष्ठ चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सीटी स्कैन सेवा शुरू होने से अब गंभीर रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान करना आसान होगा, जिससे समय पर उपचार संभव हो सकेगा। स्थानीय स्तर पर कम समय और कम लागत में उच्च स्तरीय डायग्नोस्टिक सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी तथा आपात स्थितियों में त्वरित निर्णय लेने में भी मदद मिलेगी।

देवभूमि खबर

Related articles