स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने से बनेगा स्वस्थ समाज: प्रो. सुरेखा डंगवाल

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने से बनेगा स्वस्थ समाज: प्रो. सुरेखा डंगवाल
Spread the love

देहरादून।दून विश्वविद्यालय में स्वास्थ्य और समाज सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कैडेट्स द्वारा दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ानी होगी, क्योंकि जब हम अपने स्वास्थ्य के बारे में जागरूक रहेंगे तो हमारी जीवनशैली एवं दैनिक कार्य पद्धति स्वास्थ्य के कारकों को ध्यान में रखकर तैयार होगी। स्वस्थ शरीर न सिर्फ हमारी कार्यक्षमता को बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि यह कार्यस्थल पर उत्तम कार्यसंस्कृति के निर्माण में भी सहायक होगा। इस स्वास्थ्य जागरूकता एवं रक्तदान शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

इस अवसर पर कुलसचिव श्री दुर्गेश डिमरी, एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. वैशाली, डॉ. सुधांशु जोशी, सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्राची पाठक, चीफ वार्डन प्रोफेसर सुनीत नैथानी, कैप्टन डॉ. स्मिता त्रिपाठी, सहायक कुलसचिव देवेन्दु रावत, प्रशांत मेहता एवं संदीप रावत आदि उपस्थित रहे।

शिविर में एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज की चिकित्सक डॉ. शशि उप्रेती ने रक्तदान के लाभ और नियमित रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि, “रक्तदान जीवनदायिनी सेवा है। हर एक व्यक्ति के योगदान से किसी की जान बच सकती है।”

अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एच.सी. पुरोहित ने विद्यार्थियों में रक्तदान के प्रति बढ़ रहे उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि प्रत्येक सत्र में दो बार विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रक्तदान शिविर में प्रतिभाग करते हैं, जो उनके सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशीलता को व्यक्त करता है।

देवभूमि खबर

Related articles