सिडकुल में औद्योगिक शांति बहाल, श्रमिक अफवाहों से बचें : सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार
हरिद्वार। प्रशांत कुमार ने कहा है कि सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में वर्तमान स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे या अफवाहों में न आएं और वेतन संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी सीधे श्रम विभाग को दें।
सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि जनपद हरिद्वार के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में संविदा श्रमिकों के बीच वेतन वृद्धि को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। लगभग 25 औद्योगिक प्रतिष्ठानों के श्रमिक वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मयूर दीक्षित के निर्देश पर सिडकुल क्षेत्र के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। इसके बाद श्रम विभाग, उप श्रम आयुक्त और सहायक श्रम आयुक्त द्वारा दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता कराई गई, जिसके बाद सभी समस्याओं का समाधान निकाल लिया गया।
प्रशांत कुमार ने कहा कि श्रमिकों में वेतन वृद्धि और महंगाई भत्ते को लेकर फैली भ्रम की स्थिति को दूर करने के लिए लगातार संवाद किया गया। राज्य सरकार द्वारा नॉन इंजीनियरिंग उद्योगों में महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी तथा इंजीनियरिंग उद्योगों में 1 अप्रैल 2026 से लागू पुनरीक्षित न्यूनतम वेतन के संबंध में श्रमिकों को जागरूक किया गया। इसके लिए प्रेस नोट और वीडियो फुटेज भी जारी किए गए।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों को यह भी अवगत कराया गया है कि वेतन संबंधी किसी भी शिकायत को सबसे पहले श्रम विभाग के संज्ञान में लाया जाए ताकि उसका समयबद्ध समाधान किया जा सके। वर्तमान में सभी समस्याओं का समाधान हो चुका है और कहीं भी कोई धरना-प्रदर्शन नहीं चल रहा है।
सहायक श्रम आयुक्त ने कहा कि सिडकुल क्षेत्र में औद्योगिक शांति कायम है और सभी प्रतिष्ठानों में श्रमिक सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं।

