मुख्यमंत्री के निर्देश पर दूरस्थ विद्यालयों का निरीक्षण—कोरूबा KGBV को मिलेगा स्मार्ट क्लास, सीसीटीवी, सुरक्षा व सुविधाएं

मुख्यमंत्री के निर्देश पर दूरस्थ विद्यालयों का निरीक्षण—कोरूबा KGBV को मिलेगा स्मार्ट क्लास, सीसीटीवी, सुरक्षा व सुविधाएं
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने विकासखंड कालसी के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (KGBV), कोरूबा का स्थलीय निरीक्षण किया। इससे पूर्व वह केजीबीवी त्यूनी का भी भ्रमण कर चुके हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय में मौजूद शैक्षिक व आवासीय व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

विद्यालय की 150 सीटों की क्षमता के सापेक्ष वर्तमान में 143 छात्राएं अध्ययनरत हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित आवासीय सुविधा, स्वच्छता, खेल और डिजिटल शिक्षण के लिए विद्यालय को एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।

स्थानिक महिलाओं को मिलेगा रोजगार: विद्यालय में योग प्रशिक्षक, कंप्यूटर शिक्षक, सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मियों की नियुक्ति स्थानीय महिलाओं से की जाएगी। डीएम ने निर्देश दिए कि इन पदों पर नियुक्ति करते हुए जिला योजना से मानदेय भुगतान की व्यवस्था की जाए, जिससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी प्राप्त हो।

डिजिटल शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता: डीएम बंसल ने स्मार्ट क्लास रूम, वाई-फाई सुविधा, 10 कंप्यूटर, विद्युत इन्वर्टर और 150 स्टडी टेबल की तत्काल खरीदारी के प्रस्ताव मुख्य शिक्षा अधिकारी को तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए 10 सीसीटीवी कैमरे और बार्बेड वायर से बाउंड्री कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है।

आवासीय और स्वास्थ्य सुविधाएं: विद्यालय में छात्राओं के लिए 07 वाटर गीजर, 04 वॉशिंग मशीन, 01 फ्रीजर, 150 डाइनिंग टेबल और एक रोटी मेकर मशीन की खरीद की स्वीकृति दी गई। साथ ही, खेल मैदान का समतलीकरण करवाकर प्रार्थना सभा और खेल गतिविधियों को बेहतर रूप देने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।

पेयजल और स्वास्थ्य पर भी फोकस: विद्यालय परिसर में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए डीएम ने जल संस्थान को नई पाइपलाइन हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए RBSK टीम को हर माह विद्यालय विज़िट करने तथा हेल्थ कैंप लगाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए।

ड्रेस व खेल सामग्री: विद्यालय की छात्राओं के लिए ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शूज क्रय करने हेतु धनराशि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी 143 बालिकाएं इसका लाभ पाएंगी।

स्थलीय निरीक्षण और प्रेरणा: निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, रसोई, आवासीय परिसर और शौचालयों का जायजा लिया। बालिकाओं द्वारा सेल्फ आजीविका के तहत बनाए जा रहे उत्पादों की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एम.के. शर्मा, विद्यालय प्रधानाचार्य उर्मिला धीमान तथा लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles