पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियाँ पूरी, टिहरी पुलिस का ऐलान – “परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर
टिहरी। आगामी रविवार, 3 अगस्त 2025 को जनपद टिहरी मुख्यालय में आयोजित होने वाली पुलिस आरक्षी (नागरिक, पीएसी, आईआरबी) भर्ती लिखित परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
जनपद में कुल 04 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं —
- जीआईसी बौराड़ी
- पीआईसी बौराड़ी
- इंटरनेशनल स्कूल पेनुला
- सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई टिहरी
आज, दिनांक 01 अगस्त 2025 को नोडल परीक्षा अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री जे.आर. जोशी द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और सीटिंग अरेंजमेंट का जायजा भी लिया।
इस भर्ती परीक्षा में कुल 893 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। सभी केंद्रों पर 04 सेक्टर पुलिस अधिकारी और 04 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं ताकि प्रत्येक स्तर पर सतर्क निगरानी बनी रहे।
पुलिस की पैनी निगाह परीक्षा के दौरान चप्पे-चप्पे पर रहेगी। साथ ही, स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) को भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आयुष अग्रवाल द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि वे हर परीक्षा केंद्र पर सतर्क दृष्टि रखें।
एसएसपी टिहरी श्री आयुष अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि कोई व्यक्ति या परीक्षार्थी संदिग्ध या अनैतिक गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि टिहरी पुलिस निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पूर्व की भांति इस चुनौती को भी पूरी निष्ठा से निभाएगी।
एसएसपी ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा है कि वे पूरी ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में प्रतिभाग करें।

