HTML tutorial
HTML tutorial

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने यूपीईएस विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया का किया निरीक्षण,नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए किए एकत्र

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने  यूपीईएस विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया का किया निरीक्षण,नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए  किए एकत्र
Spread the love

देहरादून। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने देहरादून स्थित यूपीईएस विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच करने के साथ पानी, पकी हुई दाल और सब्जी के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किए गए।

स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देशों और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान टीम ने विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया में खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। खाद्य लाइसेंस, पानी की जांच रिपोर्ट, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र और खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से निरीक्षण टीम को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पानी, पकी हुई दाल और सब्जी के नमूने लिए गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में कोई अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग का कहना है कि विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की मेस एवं कैफेटेरिया में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। यहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी भोजन करते हैं, इसलिए स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराना आवश्यक है। विभाग की टीमें खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दे रही हैं।

आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शैक्षणिक संस्थानों की मेस और कैफेटेरिया में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन विशेष रूप से जरूरी है। निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेजों, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, विकासनगर मंजू तिवारी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर निगम देहरादून रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles