पल्टन बाजार में सीसीटीवी, पीए सिस्टम का शुभारंभ, आईएसबीटी सुधारीकरण 70% पूरा
डीएम ने एसएसपी से मांगे 10 पिंक बूथ के प्रस्ताव, 11 नई यातायात लाइटों के लिए दी धनराशि
देहरादून।जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पल्टन बाजार में लगाए गए 22 सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम का आज विधिवत् शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी (डीएम) सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने कोतवाली देहरादून से इसका उद्घाटन किया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सभी सेवाओं और योजनाओं का मुख्य उद्देश्य जनता के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनहित में जो भी सुझाव प्राप्त होंगे, उन पर विचार किया जाएगा।
डीएम और एसएसपी के संयुक्त भ्रमण के दौरान पल्टन बाजार में व्यापारियों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पिंक बूथ लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में डीएम द्वारा पुलिस को धनराशि जारी की गई थी, जिसके परिणामस्वरूप आज इन सुविधाओं का शुभारंभ किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने कहा कि डीएम द्वारा शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रस्तावों को त्वरित स्वीकृति मिल रही है, जिससे कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के बजट की सीमाएं होती हैं, लेकिन जिला प्रशासन के सहयोग से अब यह सीमाएं खत्म हो रही हैं, जिससे शहर में बेहतर सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू की जा सकेंगी। जल्द ही ऋषिकेश में भी 46 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
व्यापार मंडल के सदस्यों ने डीएम और एसएसपी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समन्वय से शहर की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। व्यापारियों ने सर्राफा बाजार में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी, जिस पर डीएम ने पुलिस को प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश कुमार, व्यापारी संगठन के संतोष सिंह नागपाल, सुनील मेसोन, पंकज मेसोन सहित व्यापारी संगठन के पदाधिकारी, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

