गड्ढों में तब्दील डाकपत्थर-देहरादून सड़क पर जन संघर्ष मोर्चा का फूटा गुस्सा
विकासनगर।डाकपत्थर-देहरादून सड़क की बदहाल स्थिति और उसमें जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों को लेकर जन संघर्ष मोर्चा का गुस्सा फूट पड़ा है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने अपनी टीम के साथ सड़क का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों की लापरवाही पर गहरा आक्रोश जताया।
नेगी ने कहा कि आए दिन सड़क में बने गड्ढों के कारण वाहन पलटने और दुर्घटनाओं की घटनाएं हो रही हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, लेकिन विभाग की संवेदनहीनता अब खतरनाक मोड़ पर पहुँच चुकी है। “क्या विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?” — यह सवाल अब आम जनता भी पूछ रही है।
मोर्चा अध्यक्ष ने अफसोस जताया कि न तो प्रशासन स्थिति की गंभीरता को समझ रहा है और न ही संबंधित जनप्रतिनिधि इसे प्राथमिकता दे रहे हैं। नेगी ने कहा, “प्रशासन धृतराष्ट्र बना बैठा है और विभाग को जनता की जान-माल से कोई सरोकार नहीं।”
निरीक्षण के बाद नेगी ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री शर्मा एवं अधिशासी अभियंता श्री करनवाल से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
व्यंग्यात्मक लहजे में नेगी ने तंज कसते हुए कहा, “क्या इन गड्ढों को भरने के लिए विभाग को नाबार्ड या अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से आर्थिक सहायता लेनी पड़ेगी?” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो मोर्चा ईंट से ईंट बजाने से भी पीछे नहीं हटेगा।
निरीक्षण में साथ रहे मोर्चा सदस्य: विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, प्रवीण शर्मा ‘पिन्नी’, विनोद जैन, भीम सिंह बिष्ट, अमित जैन, अतुल हांडा, अश्वनी कुमार, यूनुस, प्रमोद शर्मा, नरेंद्र तोमर, नाजिर, सुमेर चंद, नाहिद, जसवीर, भगत सिंह, सोनू आदि।

