हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से मिले संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से मिले संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
Spread the love

नैनीताल। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया कर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है और मीडिया कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार तथा विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि मान्यता नवीनीकरण से संबंधित मामलों में आ रही दिक्कतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है। मृतक आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के संबंध में विभाग के समक्ष आए सभी प्रकरणों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पा रही है, तो ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव भेजना आवश्यक होगा।

संयुक्त निदेशक चौहान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पत्रकारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और उनके कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में ही सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पत्रकारों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को जाना जा रहा है, ताकि विभाग एवं शासन स्तर पर उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।

बैठक में मीडिया कर्मियों ने पत्रकारों के लिए चिकित्सा सुविधा, पत्रकार मान्यता, मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए ऋण योजना, राज्य अतिथि गृहों में आरक्षण व्यवस्था, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण, रेलवे में पूर्व की तरह आरक्षण सुविधा पुनः लागू करने, टोल प्लाजा पर छूट तथा जिला पत्रकार स्थायी समिति में प्रत्येक क्षेत्र से मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सदस्य बनाने जैसे मुद्दे उठाए।
इस पर संयुक्त निदेशक ने आश्वासन दिया कि सूचना विभाग के स्तर पर निस्तारित होने वाली समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा तथा अन्य विभागों से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक पत्राचार किया जाएगा।

बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक पहल की जा रही है और आगे भी अधिकारियों का संवाद जारी रहेगा।

बैठक में सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं के पत्रकार तथा सूचना विभाग के सभी कार्मिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: ललित जोशी

देवभूमि खबर

Related articles