सचिव समिति की बैठक में मुख्य सचिव के निर्देश, नए कार्यों की स्वीकृति 15 फरवरी तक लें
देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में सचिव समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने सचिवगणों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य सचिव ने कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले नए कार्यों के लिए 15 फरवरी तक सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर ली जाएं। उन्होंने प्रत्येक विभाग को अपने कार्यों का वार्षिक कैलेंडर तैयार कर उसी के अनुरूप सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ मेला-2027 से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता पर लेते हुए सभी स्वीकृतियां एवं प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने खाद्य सुरक्षा के मापदंडों के प्रवर्तन एवं निगरानी को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया। इसके लिए टेस्टिंग लैब की संख्या बढ़ाने तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पूंजी निवेश के लिए राज्यों को दी जाने वाली विशेष सहायता के अंतर्गत सभी परियोजनाओं को गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के लिए निरंतर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
जन-जन की सरकार कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए मुख्य सचिव ने तहसील दिवस एवं थाना दिवस का वर्षभर नियमित आयोजन किए जाने के निर्देश दिए और इसके लिए एक स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि ई-ऑफिस को मुख्यालयों एवं जनपद स्तरीय कार्यालयों में लागू किए जाने की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक सचिव समिति की बैठक में की जाएगी।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि नक्शा पास करने वाली सभी प्राधिकरणों द्वारा नक्शा स्वीकृत होने के बाद संबंधित स्थानीय निकायों के साथ सभी आवश्यक जानकारियां साझा की जाएं, जिससे स्थानीय निकाय अपने डाटाबेस को अद्यतन कर सकें। उन्होंने बताया कि कुछ विभागों में लेबर कंप्लायंस टूल का प्रयोग किया जा रहा है, जिसे प्रदेशभर में लागू किया जाना चाहिए, ताकि श्रमिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री एल. फैनई, श्री धनंजय चुतर्वेदी, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश कुमार झा, श्री सचिन कुर्वे, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, श्री रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, श्री चंद्रेश कुमार यादव, श्री बृजेश कुमार संत, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री सी. रवि शंकर, श्री रणवीर सिंह चौहान एवं श्री धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
