सेंट जॉन्स स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, राधा-कृष्ण की वेशभूषा में बच्चों ने मोहा मन

रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी के सेंट जॉन्स स्कूल में छोटे-छोटे बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और जमकर ठुमके लगाकर खूब वाहवाही बटोरी।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण के सुंदर रूप में सजे बच्चे सभी के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों को झूले में विराजमान कराकर श्रद्धा और उत्साह के साथ झूला झुलाया गया। इस दौरान बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को कैमरे में भी कैद किया।
नन्हे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे राधा-कृष्ण के रूप ने विद्यालय परिसर के वातावरण को भक्तिमय, आनंदमय और उत्सवपूर्ण बना दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने जमकर तालियां बजाईं और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा प्रेम, मित्रता, सत्य, सदाचार और कर्म के संदेश से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर भी है।
विद्यालय परिवार ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य विनीता रावत, उप प्रधानाचार्य पूनम बिष्ट सहित ज्योति त्रिपाठी, अनीता बोरा, आशा जोशी, लता फर्त्याल, रूचि साह, विक्रम सिंह रावत, किरन मेर, पल्लवी जोशी, किरन रतूड़ी, शाहीन, पूजा आर्या, लवी जोशी, तुलसी, पूनम, रेनू एवं समस्त कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
