उत्तरकाशी में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, ₹17.34 लाख जुर्माना, स्टोन क्रशर सीज
उत्तरकाशी। जिले में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹17,34,390 का जुर्माना लगाया और एक स्टोन क्रशर को सीज कर दिया है। उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील बड़कोट के ग्राम कोटियालगांव (जटा नामे तोक) में छापेमारी की, जहां अवैध खनन और भंडारण के पुख्ता सबूत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 25 फरवरी की रात को अवैध खनन की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने गश्त की थी। इसी क्रम में 27 फरवरी को उपजिलाधिकारी, जिला खान अधिकारी, तहसीलदार बड़कोट, खनन विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें यमुना नदी तक अवैध रास्ता बना हुआ पाया गया। जांच के दौरान नदी से अवैध खनन कर उपखनिज परिवहन के पुख्ता सबूत मिले, साथ ही स्टोन क्रशर परिसर में ताजा कच्चा उपखनिज (RBM) भी पाया गया, जिससे खनन नियमावली का उल्लंघन स्पष्ट हुआ।
अवैध खनन और भंडारण के प्रमाण मिलने पर प्रशासन ने अनंतराज स्टोन क्रशर प्लांट को अग्रिम आदेशों तक के लिए सीज कर दिया और ई-रवन्ना पोर्टल को भी बंद कर दिया गया। साथ ही, स्टोन क्रशर परिसर में ई-रवन्ना में दर्ज मात्रा से अधिक उपखनिज पाए जाने के कारण नियमानुसार ₹17,34,390 का जुर्माना आरोपित किया गया है।
जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन अवैध खनन और अवैध भंडारण पर सख्त निगरानी बनाए हुए है और नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं पर नकेल कसने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

