यूसीसी पर महेंद्र भट्ट का बयान अटपटा: गरिमा दसौनी ने राज्य सरकार पर वादा खिलाफी का लगाया आरोप
देहरादून ।उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। दसौनी का आरोप है कि पिछले ढाई वर्षों से धामी सरकार यूसीसी को लागू करने के नाम पर राज्य की जनता को गुमराह कर रही है। दसौनी ने कहा कि यूसीसी पर समिति बनाने, उसकी तनख्वाह और बैठकों में करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन 25 वें राज्य स्थापना दिवस पर इसे लागू करने का वादा पूरा नहीं हुआ।
दसौनी ने महेंद्र भट्ट के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यूसीसी की नियमावली तैयार होने की बात कहकर उन्होंने अपनी “अल्प बुद्धि” और “अल्प ज्ञान” का परिचय दिया है, क्योंकि यूसीसी की नियमावली मुख्यमंत्री को सौंप दी गई है। दसौनी के अनुसार, भाजपा के भीतर यूसीसी को लेकर असमंजस की स्थिति है, और भाजपा इसे लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि यूसीसी को राज्य स्थापना दिवस पर लागू न करने का निर्णय केदारनाथ उपचुनाव के मध्य नजर एक सोची समझी रणनीति के तहत लिया गया है, क्योंकि भाजपा को इसके बैकफायर होने का डर था।


