किच्छा में STF की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख की हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

किच्छा में STF की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख की हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर/किच्छा।उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना किच्छा क्षेत्र के लालपुर चौकी इलाके में 133 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस संयुक्त कार्रवाई में किच्छा पुलिस भी शामिल रही। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।कार्रवाई के दौरान एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से हेरोइन तस्करी में संलिप्त बताई जा रही है।

राज्य में चल रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को सक्रिय किया गया है। टीम द्वारा प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर (42 वर्ष), पत्नी वसीम सिंह, निवासी टिब्बा लालपुर, किच्छा (उधमसिंह नगर) के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचती थी।

अभियुक्ता पिछले करीब डेढ़ साल से स्मैक तस्करी में सक्रिय थी और किच्छा, रुद्रपुर, हल्द्वानी सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करती थी। इससे पहले वह कच्ची शराब के मामले में जेल भी जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरुप, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और इसरार अहमद शामिल रहे।

वहीं, कोतवाली किच्छा पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश दानू, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles