ऑपरेशन प्रहार के तहत STF की बड़ी कार्रवाई, राजस्थान का 20 हजार का इनामी अपराधी देहरादून से गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य के 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 12 वर्षों से फरार चल रहा था और राजस्थान पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में लूट और अपहरण के मामले में वांछित अभियुक्त देवेश मोर्या देहरादून में एक सिक्योरिटी एजेंसी में गार्ड की नौकरी कर रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी वर्ष 2014 से फरार था और उस पर राजस्थान पुलिस द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देश पर गठित टीम ने गोपनीय सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर थाना कैंट क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2014 में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर राजस्थान के बांसवाड़ा में एक व्यक्ति को एलआईसी एजेंट के नाम पर बुलाया था। इसके बाद रिवॉल्वर दिखाकर उसका अपहरण कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था।
एसटीएफ ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और पुलिस मुख्यालय की पहल पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है।

