ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की कार्रवाई, स्मैक तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली डोईवाला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7.28 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 06 मई 2026 को टौंगिया तिराहा, दूधली रोड डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने काकू उर्फ जॉन पुत्र कुलवंत सिंह निवासी केशवपुरी बस्ती, डोईवाला को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और स्थानीय नशेड़ियों से कम कीमत पर स्मैक खरीदकर अन्य लोगों को ऊंचे दामों में बेचता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जनपदभर में लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है तथा आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

