उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 30 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से बुधवार, 11 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

दीपक सैनी को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ से मुख्य विकास अधिकारी देहरादून बनाया गया है। प्रवीण कुमार को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में आईएएस अधिकारियों अनामिका, आशिमा गोयल, दीपक रामचन्द्र सेठ, राहुल आनन्द, गौरी प्रभात और दीक्षिता जोशी सहित अन्य अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है।

पीसीएस अधिकारियों में जीवन सिंह नगन्याल को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा, त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को नगर आयुक्त हल्द्वानी तथा अभिषेक त्रिपाठी को मुख्य विकास अधिकारी चमोली की जिम्मेदारी दी गई है। रामजी शरण शर्मा को अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (आईटीडीए) बनाया गया है, जबकि तीर्थपाल सिंह को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी के पद पर तैनात किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी श्रीमती निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण के साथ निदेशक पंचायती राज निदेशालय का दायित्व दिया गया है। वहीं अभिनव शाह को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून के पद से हटाकर अपर सचिव पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा जय भारत सिंह को अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय, श्याम सिंह राणा को अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून, नारायण सिंह नबियाल को अपर जिलाधिकारी चमोली तथा विवेक प्रकाश को अपर आयुक्त गन्ना-चीनी काशीपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार, कौस्तुभ मिश्र को उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर, स्मृता परमार को नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की तथा रविन्द्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर बनाया गया है।
निर्मला बिष्ट को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) ऊधमसिंह नगर, जितेन्द्र कुमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून, नुपुर वर्मा को नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर, कमलेश मेहता को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग तथा विनोद कुमार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं परितोष वर्मा को नगर आयुक्त काशीपुर और राम गोपाल बिनवाल को उप मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार के पद पर तैनात किया गया है।


