हेमकुंट साहिब रोपवे का विदेश में भी गूंजा उल्लेख, प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने

गोविंदघाट। श्री हेमकुंट साहिब जी की वार्षिक पवित्र यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की ओर से गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना का उल्लेख किए जाने पर हार्दिक आभार व्यक्त किया है। ट्रस्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तीर्थयात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत बताते हुए हिमालयी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देने वाली पहल के रूप में प्रस्तुत किया।
ट्रस्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा रोपवे परियोजना का पुनः उल्लेख सिख समुदाय के कल्याण तथा पवित्र गुरुद्वारों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ट्रस्ट ने भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार से गोविंदघाट से श्री हेमकुंट साहिब तक लगभग 12.4 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित रोपवे परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया। ट्रस्ट के अनुसार इस परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
ट्रस्ट के चेयरमैन नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने गोविंदघाट से जारी बयान में प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह रोपवे केवल एक आधारभूत संरचना परियोजना नहीं, बल्कि श्रद्धालु संगत की सेवा का सच्चा माध्यम है। उन्होंने परियोजना का निर्माण जल्द शुरू करने की अपील करते हुए कहा कि ट्रस्ट सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर परियोजना के सुचारू क्रियान्वयन और यात्रा की पवित्रता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

