अल्मोड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, 21 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
अल्मोड़ा।अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पींचा की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों के साथ हाल ही में घटित आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों, बीट पुलिसिंग, गश्त, पिकेट ड्यूटी एवं साइबर अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में सीओ अल्मोड़ा श्री गोपाल दत्त जोशी के देहरादून स्थानांतरण पर भावभीन विदाई दी गई। एसएसपी ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं। साथ ही सीओ श्री बलवन्त सिंह रावत को सर्किल अल्मोड़ा का पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
गोष्ठी में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कानून-व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए ग्राउंड जीरो पर उतरकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। जनपद के थानों में दर्ज अपराधों एवं लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, जघन्य अपराधों में फॉरेंसिक टीम से समन्वय, बीट क्षेत्र में नियमित भ्रमण एवं पुलिस-जन संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “पुलिस आपके द्वार”, “ऑपरेशन कालनेमि” और “ऑपरेशन भल छौ” अभियानों में प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई, लापरवाह मकान मालिकों के विरुद्ध वैधानिक कदम उठाने तथा संगठित अपराधियों को चिन्हित कर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।
महिलाओं से संबंधित अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई, साइबर अपराधों में एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल से समन्वय, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सघन वाहन चेकिंग के निर्देश दिए गए। ड्रिंक एंड ड्राइव, रेट्रो साइलेंसर एवं नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह तथा हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार को “Police Officer Of The Month” घोषित किया गया। अपर उ0नि0 दीवान सिंह ने थाना सल्ट क्षेत्र से 38.86 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर 5 अभियुक्तों की गिरफ्तारी में सराहनीय भूमिका निभाई। वहीं हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार ने गुमशुदा किशोरी को गुरुग्राम से सकुशल बरामद करने तथा जनपद में कुल 108.455 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर 8 अभियुक्तों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय योगदान दिया।
एसएसपी द्वारा जनवरी माह में उत्कृष्ट पुलिसिंग एवं मानवीय कार्य करने वाले 2 “Police Officer Of The Month” सहित कुल 21 अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह, सीओ रानीखेत विमल प्रसाद, सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

