मां नन्दा-सुनन्दा की ऐतिहासिक शोभायात्रा निकली, भावुक हुई महिलाएं लखियाभूत रहा आकर्षण का केंद्र, भक्तों के जयकारों से गूंजी सरोवरनगरी
रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को मां नन्दा-सुनन्दा की ऐतिहासिक शोभायात्रा हजारों भक्तों की मौजूदगी में निकाली गई। बैंड-बाजों, छोलिया दल और लखियाभूत की धुनों के बीच शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। मां के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
शोभायात्रा के दौरान मां नन्दा-सुनन्दा को विदाई देते समय कई महिलाएं भावुक हो गईं और अपने आंसू नहीं रोक सकीं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मैया अगले वर्ष 2026 में पुनः सरोवर नगरी के मंदिर में विराजमान होंगी। इस दौरान मां के भक्तों ने पुष्पवर्षा कर डोले का स्वागत किया।
नयना देवी मंदिर से आरंभ हुई यह शोभायात्रा मल्लीताल मंदिर, माल रोड, तल्लीताल बाजार, वैष्णो देवी मंदिर होते हुए मल्लीताल बाजार पहुंची। देर शाम ठंडी सड़क के पास मूर्तियों का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा में जगह-जगह कलाकारों ने करतब दिखाकर भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। पहली बार शामिल हुए लखियाभूत ने विशेष आकर्षण पैदा किया।
खराब मौसम के बावजूद सुबह से ही नगर में भक्तों की भारी भीड़ रही। नन्दा देवी महोत्सव के अंतर्गत लगे मेलों में श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति नन्दन साह ने क्रांति चौराहे पर पूजा-अर्चना की और भक्तों ने जमकर पुष्पवर्षा की।
इससे पूर्व 28 अगस्त को कदली दल रवाना के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ था। 29 अगस्त को कदली दल का आगमन, 30 अगस्त को मूर्ति निर्माण और 31 अगस्त को ब्रह्ममूर्त में मां की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। पांच सितंबर की सुबह तक मां मंदिर में विराजमान रहीं और नगर परिक्रमा के बाद भक्तों ने भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, एडीएम विवेक राय, एसडीएम नवाजिश सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
शोभायात्रा में मनोज शाह, जगदीश बवाड़ी, आनंद बिष्ट, डॉ. ललित तिवारी, मुकेश जोशी, विमल चौधरी, गिरीश जोशी, हिमांशु जोशी, कमलेश ढोंडियाल, गोधन सिंह, हरीश राणा, मोहित लाल शाह, मोहित आर्या, विक्रम शाह, लीला बिष्ट, मनोज शाह जगाती, जीनू पांडे, भगवत रावत, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, कलावती असवाल, प्रेमा अधिकारी, सुमन शाह, मंजू रौतेला, मंजू बोरा, उमेश जोशी, शैलेंद्र शाह, वीरेंद्र पाठक, कैलाश जोशी, भीम सिंह कार्की, भुवन बिष्ट, नवीन पांडे, हेमन्त बिष्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

