नारायणबगड़ में बहु विशेषज्ञ निशुल्क स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 60 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
गोपेश्वर। सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल के निर्देशन में विकासखंड नारायणबगड़ के खंड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार परिसर में तीन दिवसीय बहु विशेषज्ञ निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच एवं निशुल्क उपचार का लाभ उठाया।
शिविर में 25 पुरुषों एवं 35 महिलाओं सहित कुल 60 शिविरार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान 25 लोगों के रक्तचाप तथा 15 लाभार्थियों की मधुमेह स्क्रीनिंग की गई। तीन लोगों के एक्स-रे किए गए, जबकि 13 लाभार्थियों की एलएफटी, केएफटी, आरएफटी एवं लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न रक्त जांच की गईं। इसके अलावा 15 शिविरार्थियों को पोषण एवं माहवारी स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। तीन महिलाओं की स्तन कैंसर स्क्रीनिंग तथा पांच लाभार्थियों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई। शिविर में 11 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाए गए।
शिविर में पहुंचे लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने बताया कि 10 अगस्त को भी खंड विकास अधिकारी कार्यालय नारायणबगड़ के सभागार परिसर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिविर में पहुंचकर निशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित भट्ट, फिजिशियन विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र कंडारी एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह ने लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के सफल आयोजन में प्रभारी अधीक्षक डॉ. रिया, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सोबन सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, लैब टेक्नीशियन, एएनएम एवं आशा कार्यकत्रियों ने सहयोग किया।

