थाना मुनि की रेती पुलिस की बड़ी कार्रवाई — तस्करी कर ले जा रहे 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

थाना मुनि की रेती पुलिस की बड़ी कार्रवाई — तस्करी कर ले जा रहे 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
Spread the love

टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुनि की रेती पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख सोलह हजार रुपये आंकी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड अभियान” के क्रम में पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 नवंबर 2025 की रात थाना मुनि की रेती क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी में चौकी प्रभारी शिवपुरी उप निरीक्षक विनोद कुमार और CIU ढालवाला की संयुक्त टीम ने हैंवल नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग का छोटा हाथी वाहन (UK08CB-4245) संदिग्ध स्थिति में खड़ा पाया। वाहन का चालक मौके से फरार था।

पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वाहन से कुल 35 पेटी शराब मिली, जिसमें 18 पेटी (216 बोतल) रॉयल स्टैग व्हिस्की उत्तराखण्ड राज्य की, 5 पेटी (240 पव्वे) रॉयल स्टैग व्हिस्की चंडीगढ़ राज्य की, 8 पेटी (384 पव्वे) ब्लू स्टार्क व्हिस्की उत्तराखण्ड राज्य की और 4 पेटी (96 केन) किंगफिशर बीयर शामिल थीं।

वाहन स्वामी की पहचान इजहार अली पुत्र मुस्ताक अली निवासी गायत्री विहार, सराय, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में थाना मुनि की रेती पर मुकदमा संख्या 91/2025, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

बरामदगी और कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक विनोद कुमार (चौकी प्रभारी शिवपुरी), उप निरीक्षक ओमकांत भूषण (CIU ढालवाला), हेड कांस्टेबल अजय राज, हेड कांस्टेबल विकास सैनी, हेड कांस्टेबल अशोक, कांस्टेबल सुभाष और कांस्टेबल आशीष नेगी शामिल थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल ने पुलिस टीम की इस उत्कृष्ट कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने जनपद में अवैध मादक पदार्थों, शराब एवं ड्रग्स की तस्करी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए सतत अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles