हरिद्वार में ट्रक से कुचलकर हत्या का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

हरिद्वार।  भगवानपुर पुलिस ने हत्या जैसे जघन्य अपराध का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए हत्या की वजह भी बताई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 मार्च 2026 को प्रताप कॉलोनी, थाना भगवानपुर निवासी वादिनी ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि ट्रक संख्या UP17BT-8882 के चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर लोन, छपरौली रोड, जिला बागपत (उ.प्र.) ने उसके पति राहुल कुमार को पुरानी रंजिश के चलते भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी।

तहरीर के आधार पर भगवानपुर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 94/2026 पंजीकृत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 05 मार्च 2026 को दबिश देकर नामजद आरोपी राजीव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले 8-9 वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है, जिनसे उसका एक चार वर्षीय पुत्र भी है। आरोपी पेशे से चालक है और दिसंबर 2025 में उसने स्वयं का कैंटर ट्रक खरीदा था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक राहुल होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों के बीच अक्सर उठना-बैठना था। कई बार दोनों साथ बैठकर शराब भी पीते थे। आरोपी के अनुसार राहुल नशे की हालत में उसकी तीन भांजियों के बारे में अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। समझाने के बावजूद वह अपनी आदत नहीं बदलता था और बाद में होश आने पर माफी मांग लेता था।
घटना के दिन 04 मार्च को होली के कारण छुट्टी थी। आरोपी ने बताया कि उसने पहले से शराब खरीद रखी थी और भगवानपुर टोल के पास ट्रक खड़ा किया हुआ था। राहुल खाना लेकर वहां पहुंचा और दोनों ने ट्रक में बैठकर शराब पी और खाना खाया। नशे में राहुल ने फिर उसकी भांजियों के बारे में आपत्तिजनक बातें करनी शुरू कर दीं, जिससे आरोपी को गुस्सा आ गया।

आरोपी के अनुसार उसने राहुल को ट्रक से उतरकर जाने के लिए कहा। जैसे ही राहुल टोल की ओर जाने लगा, गुस्से में आकर उसने ट्रक चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में ट्रक को नन्हेड़ा रोड पर ले जाकर खड़ा कर दिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक UP17 BT 8882 बरामद कर लिया है। साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना जारी है और आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अंकुर शर्मा, उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, कांस्टेबल उवैदउल्ला तथा कांस्टेबल रविंद्र राणा शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।