मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने मसूरी में खस्ता हाल व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र किया प्रेषित
मसूरी।मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने मसूरी में खस्ता हाल व्यवस्था को लेकर उचित कार्यवाही हेतु उपजिलाधिकारी मसूरी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मसूरी की अधिकांश रोड़ खस्ता हाल में हैं ख़ासकर मसूरी की माल रोड़ जहां पर जीर्णोद्धार का कार्य लंबे समय से प्रगति पर है।
उन्होने कहा कि मुख्य सचिव की बैठक में सभी विभागों द्वारा जैसे, लोक निर्माण विभाग उत्तराखंड, पेयजल निगम, उत्तराखंड जल संस्थान, उत्तराखंड विद्युत विभाग आदि द्वारा ये आश्वस्त किया गया था की समस्त कार्य, पर्यटक सीजन के प्रारंभ होने से पहले 20 अप्रैल 2023 तक कर दिये जायेंगे।
परंतु बहुत ही अफसोस की बात है की माल रोड के अधिकांश कार्य अधर में हैं और पूरे होने की दूर दूर तक दशा में नहीं हैं जैसे की मैन होल के चैम्बर, सर्विस लाइन का कार्य, रोड का रखरखाव, हवा घर का रखरखाव, रेलिंग का रखरखाव, कॉबिलिंग की शुरूवात, नालियों के ऊपर की जाली, जगह जगह मलबे के ढेर, आदि.।
इस लापरवाही से पूर्व से ही मसूरी के नागरिक, व्यापारी और पर्यटक परेशान है और मसूरी की छवि भी खराब हो रही है।
उन्होने कहा कि यदि ये कार्य 20 अप्रैल 2023 तक पूरे नहीं होते तो ऐसी स्तिथि में समस्त नागरिक और व्यापारी गांधी चौक चौराहा, मसूरी में भूख हड़ताल विरोध प्रदर्शन करेंगे।

