नैनीताल पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 1.85 करोड़ की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी/काठगोदाम। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी नैनीताल और कोतवाली काठगोदाम की संयुक्त टीम ने 618 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.85 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान 4 जून 2026 को पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 618 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा राजस्थान नंबर की हुंडई ऑरा कार बरामद हुई। इस संबंध में कोतवाली काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गजब सिंह (27 वर्ष) पुत्र गंगो सिंह निवासी अटलबंद धऊ पासा, भरतपुर (राजस्थान) के कब्जे से 311 ग्राम तथा उसके सगे भाई सीताराम (37 वर्ष) पुत्र गंगो सिंह के कब्जे से 307 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में सीताराम ने बताया कि वह टैक्सी चालक है और उसका ससुराल मुक्तेश्वर के जाड़ापानी क्षेत्र में है। दोनों भाई राजस्थान से अपने मामा की टैक्सी लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे और काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर किसी व्यक्ति को स्मैक की खेप सौंपने की योजना थी, जिसके बाद उन्हें मुक्तेश्वर जाना था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गजब सिंह के विरुद्ध भरतपुर, राजस्थान में आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी, जालसाजी तथा एनडीपीएस एक्ट से संबंधित चार मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। वहीं सीताराम के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कांस्टेबल टीका राम, कांस्टेबल अशोक रावत, कांस्टेबल भानु प्रताप, कांस्टेबल अनिल गिरी तथा कांस्टेबल अरविन्द बिष्ट शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल ने पूरी टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

