अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ टिहरी ने आयोजित किया सम्मान समारोह, महादेव मैठाणी समेत तीन अधिकारियों का हुआ अभिनंदन

टिहरी । अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, टिहरी गढ़वाल की जिला कार्यकारिणी द्वारा मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नरेंद्रनगर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संघ के प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल पैन्यूली तथा प्रशासनिक अधिकारी कुलवीर रमोला को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह में अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी को भारतीय जनता पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक मनोनीत होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष शिव सिंह रावत एवं जिला मंत्री नवीन बड़ोनी ने कहा कि महादेव मैठाणी की इस नियुक्ति से अशासकीय शिक्षकों का सम्मान बढ़ा है तथा इससे अशासकीय विद्यालयों और शिक्षक-कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में सकारात्मक सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अशासकीय विद्यालयों के निवर्तमान पटल प्रभारी अनिल पैन्यूली के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पद पर पदोन्नत होने पर उनका भी अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने अशासकीय पटल प्रभारी के रूप में उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए भविष्य में भी विद्यालयों के हित में सहयोग की अपेक्षा जताई।
इसके साथ ही अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के नए पटल प्रभारी कुलवीर रमोला का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालयों एवं शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया। उन्होंने सभी समस्याओं के समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
समारोह में अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री सुनील पैन्यूली, जिलाध्यक्ष शिव सिंह रावत, जिला मंत्री नवीन बड़ोनी, उत्तम सिंह नेगी, दिनेश सेमवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

