चर्चित किडनी कांड का मुख्य अभियुक्त अमित राउत गिरफ्तार, पैरोल जम्प कर था फरार
देहरादून पुलिस द्वारा पैरोल जम्प करने वाले अभियुक्तों को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चर्चित किडनी कांड के मुख्य अभियुक्त अमित राउत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त को मा० न्यायालय द्वारा स्वास्थ्य कारणों के चलते 06 जून 2024 से चार सप्ताह के लिए पैरोल दी गई थी, लेकिन निर्धारित समयावधि में उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गया। अदालत द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे।
अमित राउत, निवासी DLF गुड़गांव, हरियाणा, ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गलत पता भी दिया था और लंबे समय से फरार चल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस की मदद से उसकी जानकारी जुटाई और 23 सितंबर 2024 की रात को देहरादून से उसे गिरफ्तार कर लिया।
