चारधाम यात्रा से पहले एक्शन मोड में एडीजी ए.पी. अंशुमान, ज्योतिर्मठ से माणा तक सुरक्षा व व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

चारधाम यात्रा से पहले एक्शन मोड में एडीजी ए.पी. अंशुमान, ज्योतिर्मठ से माणा तक सुरक्षा व व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
Spread the love

चमोली। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान ने जनपद चमोली के दौरे के दौरान बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।

दौरे की शुरुआत ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद उन्होंने कोतवाली ज्योतिर्मठ का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

एडीजी ने एसपी चमोली के साथ ज्योतिर्मठ से बद्रीनाथ धाम तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए संवेदनशील स्थलों, पुलिस चौकियों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। पांडुकेश्वर और हनुमानचट्टी में रजिस्ट्रेशन एवं चेकिंग व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
बद्रीनाथ धाम पहुंचकर उन्होंने मंदिर परिसर, मास्टर प्लान कार्यों, भीड़ प्रबंधन प्रणाली और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बीआरओ गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में स्टेकहोल्डर्स, होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान गैस-ईंधन आपूर्ति, पार्किंग, स्लाइडिंग जोन और जाम की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। रात्रि में यात्रा संचालन को नियंत्रित करने का सुझाव भी दिया गया, जिस पर एडीजी ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गोविंदघाट स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद उन्होंने हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और पैदल मार्ग की सुरक्षा व ठहरने की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया।


दौरे के अंत में ज्योतिर्मठ में व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन और अन्य संगठनों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं पर व्यापक मंथन किया गया। एडीजी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

देवभूमि खबर

Related articles